डीपीएल: ट्रॉफी जीतने के लिए सभी खिलाड़ियों को देना होगा अपना शत प्रतिशत: यश धुल
दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) 2026 में नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स के खिलाफ 210 रन के विशाल लक्ष्य का सफल पीछा करने के बाद सेंट्रल दिल्ली किंग्स के कप्तान यश धुल ने टीम के सामूहिक प्रदर्शन की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि किसी भी टीम को चैंपियन बनने के लिए अलग-अलग मैचों में अलग-अलग खिलाड़ियों का योगदान बेहद जरूरी होता है।
अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 210 रन का लक्ष्य हासिल कर चार विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की। मैच के बाद यश धुल ने कहा कि, “हमारे लिए सबसे सकारात्मक बात यह है कि हर मैच में कोई न कोई नया खिलाड़ी जिम्मेदारी निभा रहा है। पिछले मैच में वंश बेदी ने शानदार प्रदर्शन किया था, जबकि इस मुकाबले में जोंटी सिद्धू और आदित्य भंडारी ने बेहतरीन पारियां खेलीं। इससे पूरी टीम का आत्मविश्वास बढ़ता है कि हम किसी भी लक्ष्य का पीछा कर सकते हैं। ट्रॉफी जीतने के लिए अलग-अलग परिस्थितियों में अलग-अलग खिलाड़ियों का योगदान बेहद जरूरी होता है।”
उन्होंने जोंटी सिद्धू और आदित्य भंडारी के बीच हुई मैच जिताऊ साझेदारी की सराहना करते हुए यश धुल ने आगे कहा कि, “जोंटी और आदित्य के बीच हुई साझेदारी मैच का टर्निंग प्वाइंट साबित हुई। पिछले सीजन से ही हमने जोंटी पर भरोसा जताया है और आज उन्होंने शानदार परिपक्वता दिखाई। शुरुआती विकेट गिरने के बाद उन्होंने जिस तरह पारी को संभाला, उससे युवा खिलाड़ियों को काफी सीख मिलेगी।”
मैच के हीरो रहे जोंटी सिद्धू ने अपनी पारी का श्रेय शांत रहने की रणनीति को दिया। उन्होंने कहा कि, “मेरा लक्ष्य पूरे रन चेज के दौरान शांत बने रहना था। बड़े लक्ष्य का पीछा करते समय अगर आप जल्दबाजी करते हैं तो मुश्किलें बढ़ सकती हैं। मैं लगातार आदित्य भंडारी से कह रहा था कि हमें हर ओवर में सिर्फ दो चौके चाहिए। अगर हम धैर्य बनाए रखेंगे तो मैच हमारे पक्ष में आ जाएगा। खुशी है कि हमारी योजना सफल रही।
“सिद्धू ने कहा कि, “ड्रेसिंग रूम में ज्यादा चर्चा नहीं हुई क्योंकि इससे पहले भी हम 200 से ज्यादा रन का सफल पीछा कर चुके थे। हमें अपनी प्रक्रिया पर पूरा भरोसा था और विश्वास था कि हम फिर ऐसा कर सकते हैं। पूरी टीम का आत्मविश्वास काफी ऊंचा था।”
इस जीत के साथ सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने तीन मैचों में छह अंक हासिल कर अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर अपनी स्थिति मजबूत कर ली है।



