भारतीय संगीत परंपरा की सुरमयी यात्रा से रूबरू हुए एमिटी के विद्यार्थी, पद्मश्री डॉ. सोमा घोष की प्रस्तुति ने बांधा समां

भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय एवं मधु मूर्च्छना के संयुक्त तत्वावधान में, एमिटी इंटरनेशनल स्कूल, सेक्टर-44, नोएडा के सहयोग से आयोजित शास्त्रीय संगीत वर्कशॉप-कॉन्सर्ट श्रृंखला ‘भारतीय संगीत परंपरा’ के अंतर्गत शुक्रवार को पद्मश्री डॉ. सोमा घोष ने अपनी शानदार संगीत प्रस्तुति से विद्यार्थियों को भारतीय संगीत की समृद्ध विरासत से परिचित कराया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया और डॉ. सोमा घोष का तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया। अपनी गायकी के माध्यम से उन्होंने संगीत की उत्पत्ति और ओंकार से लेकर प्रबंध गायन, ध्रुपद, धमार, ख्याल, ठुमरी, ग़ज़ल एवं भजन तक की संगीतमय यात्रा प्रस्तुत की। इस दौरान विद्यार्थियों ने तालियों के माध्यम से लय और ताल में उनका साथ दिया।कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण हिंदी फिल्मों के स्वर्णिम संगीत युग की प्रस्तुति रही। डॉ. सोमा घोष ने नौशाद, सचिन देव बर्मन, मदन मोहन, शंकर-जयकिशन, जयदेव, लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल और आर.डी. बर्मन जैसे महान संगीतकारों की रचनाओं के माध्यम से बताया कि किस तरह शास्त्रीय रागों, उत्कृष्ट काव्य और अनूठे वाद्ययंत्रों के संगम ने सदाबहार संगीत को जन्म दिया। उन्होंने पखावज, खोल, बगल-बच्चा, मोरचंग, जलतरंग और मटका जैसे पारंपरिक वाद्ययंत्रों की विशेषताओं और फिल्मी गीतों में उनके इस्तेमाल को भी रोचक अंदाज में समझाया।
इस अवसर पर श्रद्धा पृथ्वीराज ने ‘वंदे मातरम्’ की प्रस्तुति दी। जाने-माने फिल्मकार एवं प्रोफेसर शुभंकर घोष ने फिल्म संगीत की रिकॉर्डिंग से जुड़े रोचक अनुभव साझा किए और विद्यार्थियों को संगीत के क्षेत्र में सफलता की प्रेरणादायक कहानियां सुनाईं। उनकी बातें सुनकर एक विद्यार्थी ने कहा कि वह भविष्य में ‘द्वितीय रविशंकर’ बनना चाहता है। इस प्रतिक्रिया ने कार्यक्रम के उद्देश्य की सार्थकता को दर्शाया।
डॉ. सोमा घोष के साथ संगत करने वाले कलाकारों ने अपनी स्वतंत्र प्रस्तुतियों से भी श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया। कार्यक्रम के समापन के बाद विद्यार्थियों में डॉ. सोमा घोष का ऑटोग्राफ लेने के लिए विशेष उत्साह दिखाई दिया। विद्यालय के प्राचार्य एवं शिक्षकों का सहयोग भी सराहनीय रहा। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी को भारतीय शास्त्रीय संगीत की समृद्ध परंपरा से परिचित कराना और विद्यार्थियों में भारतीय संगीत एवं सांस्कृतिक विरासत के प्रति रुचि विकसित करना था।



