Business

IITF 2026: 14 नवंबर से भारत मंडपम में जुटेंगे 32 राज्य और 11 देशों के प्रदर्शक

भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला (आईआईटीएफ) का 45वां संस्करण 14 से 27 नवंबर तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित होगा। इस वर्ष मेले की थीम ‘विकास और विरासत’ रखी गई है। मेले में देश-विदेश के 3,500 से अधिक प्रदर्शक 17 हॉल में अपने उत्पादों और सेवाओं का प्रदर्शन करेंगे। इसका उद्घाटन 13 नवंबर को केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल करेंगे।

इंडिया ट्रेड प्रमोशन ऑर्गेनाइजेशन (आईटीपीओ) के अध्यक्ष जावेद अशरफ ने बताया कि मेले में 32 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के साथ 51 केंद्रीय मंत्रालयों, सरकारी विभागों, सार्वजनिक उपक्रमों और सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों की भागीदारी होगी। बिहार, महाराष्ट्र, राजस्थान और उत्तर प्रदेश साझेदार राज्य होंगे, जबकि असम, दिल्ली, झारखंड और पश्चिम बंगाल फोकस राज्य रहेंगे। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 11 देशों के प्रदर्शक हिस्सा लेंगे। इस बार युवाओं और नए उद्यमियों को विशेष महत्व दिया गया है। हॉल नंबर 14 में बनाए गए ‘हॉल ऑफ इंस्पिरेशन’ में करीब 600 स्टार्टअप अपने नवाचार और तकनीक का प्रदर्शन करेंगे। इनमें डीप टेक, एग्री टेक, ड्रोन, अंतरिक्ष, स्वास्थ्य और शिक्षा तकनीक से जुड़े स्टार्टअप शामिल होंगे। वहीं, एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी) पवेलियन में 21 राज्यों के पारंपरिक उत्पादों, हस्तशिल्प, खानपान और स्थानीय संस्कृति को प्रदर्शित किया जाएगा।

मेले में इलेक्ट्रॉनिक्स, कपड़ा, फुटवियर, घरेलू उपकरण, खाद्य उत्पाद, मसाले, कृषि उत्पाद, फर्नीचर, सौंदर्य प्रसाधन और आभूषण सहित विभिन्न श्रेणियों के उत्पाद देखने को मिलेंगे। इसके अलावा युवाओं और परिवारों के लिए डिजिटल मनोरंजन एवं शिक्षा से जुड़ा ‘प्लेवर्स@मंडपम’ आकर्षण का केंद्र रहेगा। मेले में 90 से अधिक फूड आउटलेट भी होंगे।

आईटीपीओ के अनुसार, मेले में सात स्थानों पर 87 सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें शास्त्रीय और लोक संगीत के साथ देश के विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। प्रमुख कार्यक्रमों में द मंगनियार सेडक्शन, हरिहरन एवं पृथ्वी गंधर्व, सलीम-सुलेमान और रूहानियत शामिल हैं। कुछ विशेष कार्यक्रमों के टिकट बुकमायशो पर उपलब्ध होंगे, जबकि 19 राज्यों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां मेले के प्रवेश टिकट पर देखी जा सकेंगी। मेले के शुरुआती पांच दिन यानी 14 से 18 नवंबर तक बिजनेस डेज होंगे, जो बी2बी आगंतुकों के लिए आरक्षित रहेंगे। आम लोगों के लिए मेला 19 से 27 नवंबर तक खुलेगा। मेले का समय सुबह 10 बजे से शाम 7:30 बजे तक रहेगा। आम दर्शकों को शाम 5:30 बजे तक प्रवेश मिलेगा। टिकट ऑनलाइन, आधिकारिक मोबाइल ऐप और दिल्ली मेट्रो के 55 स्टेशनों से खरीदे जा सकेंगे। वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों को सामान्य दिनों में वैध सरकारी पहचान पत्र पर निशुल्क प्रवेश मिलेगा।

आगंतुकों की सुविधा के लिए शटल सेवा, गोल्फ कार्ट, पार्किंग, कैब पिकअप प्वाइंट, व्हीलचेयर सहायता, मेडिकल सेंटर और मीडिया लाउंज की व्यवस्था भी की गई है। सुरक्षा के लिए दिल्ली पुलिस और आईटीपीओ की टीमें तैनात रहेंगी।

Related Articles

Back to top button