Games

भारत में 5500 साल पुरानी परंपरा को आधुनिक खेल का रूप दे रही ‘मटकी फोड़ लीग’, MPL सीजन-2 का भव्य आगाज

भारत की प्राचीन मटकी फोड़ परंपरा को आधुनिक खेल प्रतियोगिता का स्वरूप देने वाली मटकी फोड़ लीग (MPL) सीजन-2 का भव्य आगाज हो गया है। नई दिल्ली के एनएससीआई क्लब, मथुरा रोड में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान लीग के आधिकारिक एंथम ‘गोविंदा आला रे…’ और आधिकारिक मैस्कॉट ‘मटकू’ को लॉन्च किया गया।
आयोजकों के अनुसार MPL सीजन-2 के मुकाबले 3 और 4 सितंबर 2026 को पूर्वी दिल्ली के यमुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, सूरजमल विहार में आयोजित किए जाएंगे। इन मुकाबलों का सीधा प्रसारण डीडी स्पोर्ट्स, वेव्स ओटीटी और प्रसार भारती स्पोर्ट्स के यू-ट्यूब चैनल पर किया जाएगा।

26 गोविंदा टीमें दिखाएंगी दमखम – MPL के फाउंडर जय भगवान गोयल ने कहा कि “गोविंदा आला रे…” सिर्फ एक उद्घोष नहीं, बल्कि भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति, भारतीय संस्कृति और सामूहिक उत्साह का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि पिछले 23 वर्षों से आयोजित हो रहे श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव की परंपरा को इस वर्ष MPL के माध्यम से और भव्य स्वरूप दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस सीजन में 26 गोविंदा टीमें, जिनमें पुरुष और महिला टीमें शामिल हैं, मटकी फोड़ प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी। खिलाड़ियों को ऊंचाई पर टंगी मटकी तक पहुंचकर उसे फोड़ने के लिए संतुलन, साहस, रणनीति, शारीरिक क्षमता और टीमवर्क का प्रदर्शन करना होगा। जय भगवान गोयल ने कहा कि MPL का उद्देश्य केवल प्रतियोगिता कराना नहीं, बल्कि भारतीय परंपरा को खेल की आधुनिक भाषा के माध्यम से नई पीढ़ी तक पहुंचाना है।

‘गोविंदा आला रे…’ बना MPL का एंथम – MPL का आधिकारिक एंथम ‘गोविंदा आला रे…’ भी लॉन्च किया गया। इसे बॉलीवुड के प्रसिद्ध प्लेबैक सिंगर रोमी ने अपनी आवाज दी है। रोमी ‘मिर्जापुर’ और ‘उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक’ सहित कई चर्चित प्रोजेक्ट्स में अपनी आवाज दे चुके हैं। जोशीले संगीत और गोविंदा के उत्साह से भरपूर यह एंथम लीग के रोमांच को नई ऊर्जा देने के साथ युवाओं को भारतीय संस्कृति और पारंपरिक खेलों से जोड़ने का संदेश देगा।

दिल्ली की सड़कों पर MPL का संदेश लेकर निकलेगा ‘मटकू’ – MPL के को-फाउंडर मनदीप गोयल ने आधिकारिक मैस्कॉट ‘मटकू’ को लॉन्च करते हुए कहा कि इसके माध्यम से बच्चों, युवाओं और आम जनता को लीग से जोड़ा जाएगा। ‘मटकू’ दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर MPL सीजन-2 का संदेश देगा और लोगों को आयोजन में शामिल होने के लिए आमंत्रित करेगा। उन्होंने कहा कि डिजिटल दौर में बच्चों और युवाओं को अपनी जड़ों, संस्कृति और परंपराओं से जोड़ना जरूरी है। MPL खेल और मनोरंजन के माध्यम से इसी दिशा में सकारात्मक पहल कर रहा है।

आईपीएल की तर्ज पर टीमों की बिक्री – MPL की टीमों को आईपीएल की तर्ज पर बेचा जाएगा। लीग के साथ सिग्नेचर ग्लोबल, के.एल.जे. हाउस, पीसी ज्वैलर्स, ट्राइडेंट टेकलेब, कृषि रसायन, एसएमसी ग्लोबल, दीपाली डिजाइन्स एंड डेकोरेटर्स, बाहुबली ई-रिक्शा और एसकेजी फैमिली हाउस समेत कई संस्थान स्पॉन्सर के रूप में जुड़े हैं। संजय गोयल (एसकेजी फैमिली ऑफिस, आनंदया फाउंडेशन), राजेश गुप्ता (मल्टीकलर), दिनेश गोयल, जतिन गोयल (बाहुबली ई-रिक्शा) और सुप्रसिद्ध गायक शंकर साहनी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
MPL सीजन-2 के जरिए खेल, संस्कृति, परंपरा और युवा शक्ति का अनोखा संगम देखने को मिलेगा।

Related Articles

Back to top button