दिल्ली एनसीआर
हिन्दुस्तान को बांग्लादेश नहीं बनने देंगे, संविधान और कानून से बड़ा कोई नहीं: जय भगवान गोयल

यूनाइटेड हिन्दू फ्रंट के अंतरराष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं चेयरमैन, ग्लोबल वैश्य फेडरेशन श्री जय भगवान गोयल के नेतृत्व में आज शाहदरा मुख्य चौक पर कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने ‘हिन्दुस्तान को बांग्लादेश नहीं बनने देंगे’, ‘देश में संविधान और कानून से बड़ा कोई नहीं’ तथा ‘दिल्ली को बंधक बनाने वालों, वापस जाओ-वापस जाओ’ जैसे नारे लगाकर अपना विरोध दर्ज कराया।
इस अवसर पर श्री जय भगवान गोयल ने कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और यहां प्रत्येक नागरिक को संविधान के दायरे में रहकर अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन लोकतांत्रिक अधिकारों की आड़ में अराजकता फैलाना, आम जनता को परेशान करना और देश की राजधानी को बार-बार बंधक बनाने का प्रयास किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि ‘भारत की पहचान उसकी मजबूत लोकतांत्रिक व्यवस्था, संविधान और कानून के शासन से है। हम हिन्दुस्तान को किसी भी कीमत पर बांग्लादेश जैसी अराजक परिस्थितियों की ओर नहीं जाने देंगे।
श्री जय भगवान गोयल ने घोषणा की कि आगामी 25 अक्टूबर 2026 को हिन्दू महासभा भवन, मंदिर मार्ग, बिरला मंदिर के समीप, नई दिल्ली में यूनाइटेड हिन्दू फ्रंट एवं ग्लोबल वैश्य फेडरेशन व अन्य वैश्य, व्यापारी, सनातनी संगठनों के तत्वावधान में हजारों कार्यकर्ताओं और राष्ट्रप्रेमी नागरिकों की भागीदारी से विशाल धरना एवं विरोध प्रदर्शन देकर प्रेस क्लब ऑफ इंडिया, रायसीना मार्ग पर कूच किया जायेगा जो आज बांग्लादेशी अराजकता वादियों व राष्ट्रविरोधियों का अड्डा बन चुका है।
श्री गोयल ने सभी राष्ट्रप्रेमी नागरिकों, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों तथा कार्यकर्ताओं से आगामी 25 अक्टूबर को आयोजित शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक धरने में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि हमारा संघर्ष किसी व्यक्ति के लोकतांत्रिक अधिकार के विरुद्ध नहीं, बल्कि अराजकता, हिंसा और कानून को हाथ में लेने की प्रवृत्ति के विरुद्ध है। राष्ट्रहित और संविधान की गरिमा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।



