“शनाया के मज़बूत बाहरी रूप और भीतर की नाज़ुक भावनाओं के बीच संतुलन बनाना पड़ा” – मुस्कान बामने, जब शादी के जश्न ने लिया नए मोड़ सोनी सब के ‘पुष्पा इम्पॉसिबल’ में

सोनी सब का शो पुष्पा इम्पॉसिबल दर्शकों को लगातार बांधे हुए है अपने दिल छू लेने वाले भावनात्मक पलों, पारिवारिक रिश्तों और अप्रत्याशित घटनाओं के संगम से। कदंबरी (बृंदा त्रिवेदी) की बदले की भावना के साथ बापोदरा चाल में चौंकाने वाली वापसी के बाद, पुष्पा (करुणा पांडे) और उसके परिवार के लिए हालात तनावपूर्ण हो गए हैं। इसी बीच जब चिराग (नितिन बाबू) और मानवा (रसिका धोंबले) अपनी नई ज़िंदगी शुरू करने की तैयारी कर रहे होते हैं, कदंबरी की वजह से पैदा हुई गलतफहमी उनकी ज़िंदगी की दिशा बदलने का खतरा बन जाती है।
आने वाले एपिसोड्स में बापोदरा चाल की शादी की खुशियां अचानक मोड़ लेती हैं जब मानवा अपनी शादी से ठीक पहले गायब हो जाती है। परिवार में घबराहट और उलझन फैल जाती है और इसी बीच एक गलतफहमी चिराग को गुस्से में चौंकाने वाला कदम उठाने पर मजबूर कर देती है। नतीजा यह होता है कि चिराग, सबको हैरान करते हुए, शनाया (मुस्कान बामने) से शादी कर लेता है। जब मानवा लौटती है तो उसे दिल तोड़ देने वाला सच सामने मिलता है। भावनाएं चरम पर हैं और रिश्ते कठिन परीक्षा से गुजर रहे हैं, वहीं पुष्पा अपने परिवार को टूटने से बचाने की कोशिश करती है उस हालात में जो किसी के नियंत्रण से बाहर हो चुका है।
मुस्कान बामने, जो शनाया का किरदार निभा रही हैं, कहती हैं, ““आने वाला ट्रैक शनाया के लिए बेहद भावनात्मक है क्योंकि वह खुद को सार्वजनिक रूप से अपमानित और गहराई से आहत महसूस करती है। उसी पल में वह एक ऐसा फैसला लेती है जो न सिर्फ उसकी ज़िंदगी बल्कि चिराग और मानवा की ज़िंदगी भी बदल देता है। मुझे दिलचस्प यह लगा कि शनाया सिर्फ बदले की भावना से नहीं, बल्कि अपने दर्द, गुस्से और टूटे दिल की वजह से प्रतिक्रिया देती है। एक अभिनेत्री के तौर पर यह चुनौतीपूर्ण था क्योंकि मुझे लगातार शनाया के मज़बूत बाहरी रूप और भीतर की नाज़ुक भावनाओं के बीच संतुलन बनाना पड़ा। कई सीन ऐसे थे जहां मुझे सच में उसके लिए दुख महसूस हुआ, भले ही मैं उसकी हरकतों से सहमत नहीं थी। दर्शक इस ट्रैक में शनाया का एक बिल्कुल अलग रूप देखेंगे और मुझे लगता है वे समझ पाएंगे कि वह क्यों अपने फैसले पर अडिग रहती है, चाहे नतीजे कुछ भी हों।”



