रोब्लॉक्स ने दुनियाभर में लॉन्च किए Roblox Kids and Roblox Select अकाउंट्स, अब भारत में भी उपलब्ध

ऑनलाइन गेमिंग और इमर्सिव अनुभवों के लिए लोकप्रिय वैश्विक मंच रोब्लॉक्स कॉर्पोरेशन (NYSE: RBLX) ने 16 वर्ष से कम आयु के उपयोगकर्ताओं के लिए Roblox Kids and Roblox Select अकाउंट्स की वैश्विक शुरुआत की घोषणा की है। भारत सहित दुनिया भर में उपलब्ध ये नए आयु-आधारित अकाउंट्स बच्चों की उम्र के अनुसार सुरक्षा, संवाद और गेम्स तक पहुँच को संतुलित करने के उद्देश्य से तैयार किए गए हैं। पिछले महीने ऑस्ट्रेलिया, इंडोनेशिया, नीदरलैंड और न्यूज़ीलैंड में सीमित परीक्षण के बाद अब यह सुविधा वैश्विक स्तर पर लागू कर दी गई है। नए अकाउंट सिस्टम के तहत गेम्स तक पहुँच, चैट फीचर्स और अभिभावक नियंत्रण को उपयोगकर्ता की आयु के अनुरूप निर्धारित किया जाएगा, जिससे अभिभावकों को अपने बच्चों की डिजिटल गतिविधियों पर अधिक निगरानी और नियंत्रण मिल सकेगा।
रोब्लॉक्स की आयु-सत्यापन प्रणाली के आधार पर उपयोगकर्ताओं को खुद-ब-खुद्ध उनकी उम्र के अनुरूप अकाउंट अनुभव दिया जाएगा। यह ढांचा आयु सत्यापन, आयु-आधारित सेटिंग्स, कंटेंट रेटिंग, मॉडरेशन और विस्तारित अभिभावक नियंत्रण को एक साथ जोड़ता है, ताकि बच्चों की बढ़ती उम्र के साथ उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। लॉन्च के समय 16 वर्ष से कम आयु के सत्यापित उपयोगकर्ता अपने पसंदीदा अधिकांश गेम्स तक पहुँच बनाए रखेंगे, जबकि 16 वर्ष और उससे अधिक आयु के सत्यापित उपयोगकर्ताओं का अनुभव पहले जैसा ही रहेगा।
रोब्लॉक्स के चीफ सेफ्टी ऑफिसर मैट कॉफमैन ने कहा, “बच्चों की ज़रूरतें उम्र के साथ बदलती हैं और ऑनलाइन अनुभवों को भी उसी के अनुरूप विकसित होना चाहिए। Roblox Kids and Roblox Select के माध्यम से हम अलग-अलग आयु वर्ग के बच्चों के लिए उपयुक्त सुरक्षा उपाय उपलब्ध करा रहे हैं, साथ ही अभिभावकों को ऐसे उपकरण दे रहे हैं, जिनसे वे अपने परिवार की आवश्यकताओं के अनुसार इस अनुभव को अनुकूलित कर सकें।”
Roblox Kids and Roblox Select अकाउंट्स
1.Roblox Kids अकाउंट्स (5–8 वर्ष): इसमें प्लेटफॉर्म की सबसे मजबूत डिफॉल्ट सुरक्षा सुविधाएँ शामिल हैं। उपयोगकर्ता केवल उन गेम्स तक पहुँच प्राप्त कर सकेंगे, जिन्हें ‘मिनिमल’ या ‘माइल्ड’ कंटेंट मैचुरिटी लेबल्स में रखा गया है और जो रोब्लॉक्स की समीक्षा प्रक्रिया से गुजर चुके हैं। इन अकाउंट्स में चैट सुविधा डिफॉल्ट रूप से बंद रहेगी।
2.Roblox Select अकाउंट्स (9–15 वर्ष): इसमें उपयोगकर्ताओं को ‘मॉडरेट’ रेटिंग वाले स्वीकृत गेम्स तक पहुँच मिलेगी। चैट सेटिंग्स आयु और क्षेत्र के अनुसार अलग-अलग होंगी तथा 16 वर्ष से कम आयु के उपयोगकर्ताओं के लिए अतिरिक्त सुरक्षा उपाय लागू रहेंगे।
दोनों प्रकार के अकाउंट्स के लिए रोब्लॉक्स बच्चों को उपलब्ध कराए जाने वाले गेम्स पर अतिरिक्त समीक्षा मानक लागू करता है। इनमें डेवलपर सत्यापन, रियल-टाइम मूल्यांकन और उन्नत कंटेंट समीक्षा शामिल हैं। डिफॉल्ट रूप से, Roblox Kids and Roblox Select कैटलॉग में संवेदनशील विषयों, सोशल हैंगआउट्स और फ्री-फॉर्म ड्रॉइंग जैसी सुविधाओं वाले गेम्स शामिल नहीं किए जाते। रोब्लॉक्स की आयु-आधारित अकाउंट प्रणाली उपयोगकर्ताओं की बढ़ती उम्र के साथ स्वतः अपडेट होती है। 9 वर्ष की आयु में उपयोगकर्ता Roblox Kids से Roblox Select में और 16 वर्ष की आयु पूरी होने पर Roblox Select से सामान्य रोब्लॉक्स अकाउंट में स्थानांतरित हो जाते हैं।
अभिभावकों को मिलेंगे और अधिक नियंत्रण
रोब्लॉक्स ने अपने अभिभावक नियंत्रण को भी और सशक्त बनाया है। जिन अभिभावकों ने अपने अकाउंट को बच्चों के अकाउंट से लिंक किया है, वे पहले से ही गेमप्ले एक्टिविटी, फ्रेंड लिस्ट, कंटेंट रेटिंग, कंम्युनिकेशन सेटिंग्स, स्क्रीन टाइम और खर्च सीमा जैसी सुविधाओं की निगरानी कर सकते हैं।
एसआरडीएवी पब्लिक स्कूल की आईटी प्रमुख और रोब्लॉक्स ग्लोबल पैरेंट काउंसिल की सदस्य विनीता गर्ग ने कहा, “एक शिक्षाविद् और अभिभावक पक्षधर के रूप में मैं रोब्लॉक्स के आयु-आधारित अकाउंट्स की शुरुआत का स्वागत करती हूँ, जो यह मानते हैं कि बच्चों की ऑनलाइन ज़रूरतें उनकी उम्र के साथ बदलती रहती हैं। Roblox Kids and Roblox Select की शुरुआत अधिक सुरक्षित और आयु-उपयुक्त डिजिटल अनुभवों की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो अभिभावकों को बेहतर निगरानी और अधिक नियंत्रण भी प्रदान करती है। विशेष रूप से आयु-आधारित सुरक्षा उपायों, विस्तारित अभिभावक नियंत्रण और संवाद व कंटेंट तक पहुँच को लेकर अपनाए गए सोच-समझकर तैयार किए गए सुरक्षा प्रावधान उत्साहजनक हैं।
उम्र के अनुरूप अनुभव
रोब्लॉक्स पहले ही चैट सुविधाओं के लिए चेहरे के माध्यम से आयु सत्यापन लागू करने वाला पहला बड़ा ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म बन चुका है। नई व्यवस्था पूरी तरह लागू होने के बाद जिन उपयोगकर्ताओं का आयु सत्यापन नहीं होगा, वे सामान्य रोब्लॉक्स अकाउंट या चैट सुविधाओं का उपयोग नहीं कर पाएंगे।
कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया है कि वह चैट के माध्यम से लिंक, तस्वीरें और वीडियो साझा करने पर प्रतिबंध जैसे सुरक्षा उपाय जारी रखेगी। इसी क्रम में, इस महीने के अंत तक 16 वर्ष से कम आयु के उपयोगकर्ताओं को यूजर प्रोफाइल्स, गेम डिटेल पेज, कम्युनिटी पेजेज़ या क्रिएटर हब पर सोशल मीडिया लिंक साझा करने या देखने की अनुमति भी नहीं होगी।



