Business

भारत ग्रीन हाइड्रोजन क्षेत्र में कायम कर रहा अपना दबदबा: आईसीजीएच 2024 के उद्घाटन समारोह में बोले प्रल्हाद जोशी

भारत सरकार 11-13 सितंबर तक भारत मंडपम, नई दिल्ली में ग्रीन हाइड्रोजन पर दूसरी अंतर्राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस आयोजित कर रही है।
आज आयोजित एक कर्टेन रेजर समारोह में, केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री तथा उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री श्री प्रल्हाद जोशी ने भारत के ग्रीन हाइड्रोजन इकोसिस्टम को आगे बढ़ाने में इस कॉन्फ्रेंस के महत्व पर प्रकाश डाला।

केंद्रीय मंत्री श्री प्रल्हाद जोशी ने कहा, “ग्रीन हाइड्रोजन पर अंतर्राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस (ICGH 2024) का दूसरा संस्करण भारत को ग्रीन हाइड्रोजन और इसके डेरिवेटिव्स के उत्पादन के लिए वैश्विक केंद्र बनाने की दिशा में हमारे प्रयास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। इस वर्ष, तीन दिवसीय कॉन्फ्रेंस ग्रीन हाइड्रोजन प्रौद्योगिकी में नवीनतम प्रगति का पता लगाने के लिए दुनिया भर के लीडर्स, नीति निर्माताओं, उद्योग विशेषज्ञों और इनोवेटर्स को एक साथ लाएगी।”

श्री जोशी ने कहा, “हम इस महत्वपूर्ण क्षेत्र में भारत को विश्व में अग्रणी बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में, हम स्वच्छ ऊर्जा में अग्रणी स्थान के लिए भारत की आकांक्षाओं के बारे में स्पष्ट संदेश दे रहे हैं और ग्रीन हाइड्रोजन क्षेत्र में अपना दबदबा बढ़ा रहे हैं। नेशनल ग्रीन हाइड्रोजन मिशन के माध्यम से, हम भारत को ग्रीन हाइड्रोजन और इसके डेरिवेटिव का उत्पादन करने के लिए वैश्विक केंद्र के रूप में स्थापित करने की उम्मीद करते हैं।

इसके लिए 2000 पंजीकरण पहले ही हो चुके हैं, और हमें अंतर्राष्ट्रीय और राष्ट्रीय वैज्ञानिकों और 120 से अधिक प्रदर्शकों की तरफ 6000 से अधिक पंजीकरण होने की उम्मीद है।”

एनर्जी ट्रांसमिशन की दिशा में अपने प्रयास के तहत, इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस ऑन ग्रीन हाइड्रोजन (आईसीजीएच) 2023 का पहला संस्करण भारत और दुनिया भर के हितधारकों को एक साथ लाने, एक ग्रीन हाइड्रोजन इकोसिस्टम की स्थापना की संभावना तलाशने और ग्रीन हाइड्रोजन के माध्यम से डीकार्बोनाइजेशन के वैश्विक लक्ष्यों को पूरा करने के लिए एक व्यवस्थित दृष्टिकोण को बढ़ावा देने में सफल रहा।
उद्घाटन संस्करण के बाद से, भारतीय मिशन ने महत्वपूर्ण प्रगति हासिल की है, जिनमें इलेक्ट्रोलाइज़र मैन्युफैक्चरिंग के लिए 3000 मेगावाट; ग्रीन हाइड्रोजन उत्पादन के लिए 4,12,000 टीपीए (टन प्रति वर्ष) क्षमता के काम जारी करना; 4,50,000 टीपीए ग्रीन हाइड्रोजन क्षमता और ग्रीन अमोनिया उत्पादन के 7,39,000 टीपीए के लिए निविदाएं जारी करना शामिल हैं। स्टील, शिपिंग और मोबिलिटी क्षेत्र में पायलट परियोजनाएं जल्द ही जारी कर दी जाएंगी। सरकार ने ग्रीन हाइड्रोजन इकोसिस्टम में रिसर्च एक्टिविटीज का समर्थन करने के लिए 400 करोड़ रुपये के परिव्यय के साथ आरएंडडी योजना भी शुरू की गई है।

श्री जोशी ने कहा, “हम युवा सत्र को लेकर विशेष रूप से उत्साहित हैं, जो रिन्यूएबल एनर्जी क्षेत्र के लीडर्स नेताओं की अगली पीढ़ी को अपने विचारों और नजरिये को साझा करने के लिए एक मंच प्रदान करेगा।” कॉन्फ्रेंस के दूसरे दिन विशेष सत्र “ग्रीन हाइड्रोजन फॉर यूथ” आयोजित किया जाएगा, जिसमें जलवायु परिवर्तन से निपटने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया जाएगा। इस सत्र का उद्देश्य भविष्य के ईंधन के रूप में ग्रीन हाइड्रोजन के मिशन से छात्रों को जोड़ना और इसके बारे में शिक्षित करना है।

श्री जोशी ने आगे कहा, “हम विशेष रूप से युवाओं से जुड़े सत्र को लेकर उत्साहित हैं, जहां रिन्यूएबल सेक्टर के अगली पीढ़ी के लीडर्स को अपने विचार और नजरिया साझा करने के लिए एक मंच मिलेगा।”

समापन के अवसर पर श्री जोशी ने कहा, “हमने दुनिया भर के हितधारकों को आईसीजीएच-2024 में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है। यह भारत के तेजी से बढ़ते ग्रीन हाइड्रोजन सेक्टर के साथ जुड़ने और हमारी पृथ्वी के लिए एक स्थायी ऊर्जा आधारित भविष्य को आकार देने में योगदान करने का एक असाधारण अवसर है।” इस आयोजन का मुख्य आकर्षण विभिन्न कंपनियों के सीईओ की राउंडटेबल होगी, जो 11 सितंबर 2024 को द अशोक में आयोजित की जाएगी। यह विशेष बैठक ग्रीन हाइड्रोजन क्षेत्र की अग्रणी कंपनियों के सीईओ और निवेशकों को एक साथ लाएगी। इससे उद्योग की चुनौतियों और अवसरों पर उच्च-स्तरीय संवाद को बढ़ावा मिलेगा।

आईसीजीएच-2024 का आयोजन नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय तथा भारत सरकार के प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार के कार्यालय द्वारा पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग तथा वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान विभाग के सहयोग से किया जा रहा है। सोलर एनर्जी कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया और फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (फिक्की) क्रमशः इसके आयोजन तथा उद्योग भागीदार के रूप में कार्य करेंगे।
अधिक जानकारी और पंजीकरण विवरण के लिए कृपया आधिकारिक कॉन्फ्रेंस वेबसाइट https://icgh.in पर जाएं।

Related Articles

Back to top button