दीपावली पर खरगे की टिप्पणी के विरोध में डीसीपी शाहदरा से मिला यूनाइटेड हिन्दू फ्रंट का प्रतिनिधिमंडल

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा दीपावली को ‘खुशियों की ईद’ कहे जाने के विरोध में यूनाइटेड हिन्दू फ्रंट के सात सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने आज फ्रंट के अंतर्राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं राष्ट्रवादी शिवसेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जय भगवान गोयल के नेतृत्व में शाहदरा जिला पुलिस उपायुक्त श्री आर. पी. मीणा से मुलाकात कर उन्हें लिखित शिकायत सौंपी।शिकायत में फ्रंट ने मल्लिकार्जुन खरगे के विरुद्ध ’भारतीय न्याय संहिता, 2023 (बीएनएस) की धाराओं 196, 299, 302 और 353 तथा अन्य उपयुक्त कानूनी प्रावधानों के तहत तत्काल प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज करने’ की कड़ी मांग की है।
श्री जय भगवान गोयल ने कहा, “दीपावली सनातन धर्म का प्रमुख पर्व है। इस अवसर पर हम प्रभु श्रीराम के अयोध्या आगमन का स्मरण करते हैं, माता लक्ष्मी और भगवान गणेश का पूजन करते हैं और घर-घर दीप जलाते हैं। इन परंपराओं से करोड़ों हिन्दुओं की आस्था जुड़ी है। दीपावली को ‘खुशियों की ईद’ कहना हिन्दुओं की धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला बयान है।”उन्होंने आगे कहा, “ईद की शुभकामनाएँ देते समय उसके नाम और उसकी परंपराओं का सम्मान किया जाता है। दीपावली के लिए भी हम उसी संवेदनशीलता की अपेक्षा करते हैं। सार्वजनिक जीवन में जिम्मेदार पदों पर बैठे नेताओं को धार्मिक अवसरों पर अपने शब्दों का चयन सोच-समझकर करना चाहिए।”प्रतिनिधिमंडल में जय भगवान गोयल (अंतर्राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष), डॉ. राधा कांत वत्स (राष्ट्रीय सचिव), धर्मेंद्र बेदी (राष्ट्रीय उपाध्यक्ष), विष्णु गर्ग (उपाध्यक्ष, दिल्ली प्रदेश), शंकर लाला अग्रवाल (सचिव, दिल्ली प्रदेश), दिनेश गुप्ता (उपाध्यक्ष, दिल्ली प्रदेश), अवध कुमार (संगठन महासचिव, दिल्ली प्रदेश) शामिल रहे।यूनाइटेड हिन्दू फ्रंट ने कांग्रेस नेतृत्व से इस टिप्पणी पर अपना रुख स्पष्ट करने को कहा। फ्रंट ने चेतावनी दी कि कांग्रेस अपने नेताओं के हिन्दू आस्था को ठेस पहुँचाने वाले बयानों पर लगाम लगाए, अन्यथा फ्रंट लोकतांत्रिक और कानूनी माध्यमों से अपना विरोध आगे बढ़ाएगा।



