Business

भारत टेक्स 2026 की पूर्व संध्या पर भारत विश्व के सबसे बड़े वैश्विक वस्त्र आयोजन की मेजबानी के लिए तैयार

भारत के सबसे बड़े वैश्विक वस्त्र आयोजन भारत टेक्स 2026 की पूर्व संध्या पर देश का संपूर्ण वस्त्र एवं परिधान उद्योग उत्साह और उम्मीदों से भरा हुआ है। 14 से 17 जुलाई 2026 तक भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित होने जा रहा यह भव्य आयोजन अपनी अंतिम तैयारियों के चरण में है। कल से प्रारंभ होने वाला यह आयोजन भारत की संपूर्ण वस्त्र मूल्य श्रृंखला (Textile Value Chain) को एकीकृत वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करेगा।

भारत टेक्स ट्रेड फेडरेशन द्वारा, जो विभिन्न टेक्सटाइल एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिलों एवं उद्योग संगठनों का संयुक्त मंच है, भारत सरकार के वस्त्र मंत्रालय के सहयोग से आयोजित यह आयोजन वस्त्र, फैशन, सतत विकास (Sustainability), प्रौद्योगिकी, निवेश और अंतरराष्ट्रीय व्यापार के क्षेत्र में भारत की बढ़ती वैश्विक नेतृत्व क्षमता को रेखांकित करता है।
माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी 5F विज़न — Farm to Fibre, Fibre to Factory, Factory to Fashion, Fashion to Foreign से प्रेरित भारत टेक्स 2026 आज व्यवसाय, निवेश, वैश्विक सोर्सिंग, नवाचार, नीतिगत संवाद और रणनीतिक साझेदारियों का प्रमुख अंतरराष्ट्रीय मंच बन चुका है।

भारत टेक्स ट्रेड फेडरेशन के अध्यक्ष श्री नरेन गोयनका ने कहा, “कल से हजारों प्रदर्शक, 7,000 से अधिक खरीदार तथा 20 से अधिक देशों के प्रतिनिधि भारत मंडपम पहुंचेंगे और भारत टेक्स के अब तक के सबसे महत्वाकांक्षी संस्करण का हिस्सा बनेंगे। भारत टेक्स 2026 वस्त्र मंत्रालय, टेक्सटाइल एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिलों और उद्योग संगठनों के उत्कृष्ट सहयोग का प्रतीक है, जिनके सतत मार्गदर्शन और अमूल्य सहयोग ने इसे वैश्विक स्तर का अग्रणी वस्त्र मंच बनाया है।”

भारत टेक्स ट्रेड फेडरेशन के सह-अध्यक्ष श्री भद्रेश दोधिया ने कहा, “अगले चार दिनों में 4,000 से अधिक B2B व्यावसायिक बैठकों तथा 30 से अधिक समझौता ज्ञापनों (MoUs) पर हस्ताक्षर होने की संभावना है। भारत टेक्स 2026 को इस प्रकार तैयार किया गया है कि यह केवल संवाद का मंच न होकर, वास्तविक व्यावसायिक निर्णयों, निवेश प्रतिबद्धताओं और दीर्घकालिक साझेदारियों का केंद्र बने।” इंडिया एक्सपोज़िशन मार्ट लिमिटेड (IEML) के अध्यक्ष एवं भारत टेक्स 2026 की कोर कमेटी के सदस्य डॉ. राकेश कुमार ने कहा, “स्टेट इन्वेस्टर कनेक्ट सत्रों से लेकर व्यापार, प्रौद्योगिकी, स्थिरता और शिल्प पर आधारित 100 से अधिक ज्ञान सत्रों तक, इस संस्करण को भारत के संपूर्ण वस्त्र पारिस्थितिकी तंत्र—बड़े निर्यातकों से लेकर सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSMEs) तक—की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। मुझे विश्वास है कि भारत टेक्स 2026 वह संस्करण सिद्ध होगा जिसने इस आयोजन को वैश्विक पहचान के नए शिखर तक पहुंचाया।”

भारत की संपूर्ण वस्त्र मूल्य श्रृंखला—फाइबर, यार्न, फैब्रिक, परिधान एवं फैशन, होम टेक्सटाइल्स, टेक्निकल टेक्सटाइल्स तथा सहायक उद्योगों—का व्यापक प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही तिरुपुर, इचलकरंजी और अहमदाबाद जैसे प्रतिष्ठित वस्त्र क्लस्टर्स भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। अमेरिका, ब्रिटेन, जापान, पुर्तगाल, स्पेन, न्यूज़ीलैंड, दक्षिण कोरिया, दक्षिण अफ्रीका और नेपाल सहित 14 देशों के अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शक भाग लेंगे। इसके अतिरिक्त संयुक्त राष्ट्र (UN) एवं यूरोपीय संघ (EU) का संस्थागत प्रतिनिधित्व भी रहेगा। आयोजन के प्रमुख उद्योग प्रायोजकों में Trident, Vardhman Textiles, RSWM, Shahi Exports, Colorjet, Arvind, PDS Limited और Sattva शामिल हैं। 4,000 से अधिक B2B बैठकें और 30 से अधिक समझौते, आयोजन के दौरान 4,000 से अधिक B2B बैठकें, 100 से अधिक B2G बैठकें तथा 30 से अधिक समझौता ज्ञापनों (MoUs) पर हस्ताक्षर होने की संभावना है। ये समझौते व्यापार, निवेश, प्रौद्योगिकी, सतत विकास तथा वैश्विक बाजार तक पहुंच जैसे क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ावा देंगे।

Related Articles

Back to top button