।अक्षय कुमार की ‘वेलकम टू द जंगल’ 2026 की बॉलीवुड की सबसे बड़ी स्ट्रेसबस्टर फिल्म

वेलकम टू द जंगल की सबसे बड़ी खासियतों में से एक है अक्षय कुमार का उस कॉमिक स्पेस में वापसी करना, जिसके लिए दर्शक उन्हें वर्षों से पसंद करते आए हैं। दशकों से अक्षय कुमार ने हेरा फेरी, गरम मसाला, भागम भाग, वेलकम, हाउसफुल जैसी फिल्मों के जरिए अपनी कॉमेडी की मजबूत विरासत बनाई है। बेतहाशा अराजक परिस्थितियों में भी गंभीर चेहरा बनाए रखना, अपनी शानदार कॉमिक टाइमिंग से हास्यासद स्थितियों को और प्रभावी बनाना उनकी सबसे बड़ी ताकत रही है।
इसके अलावा फिल्म की सबसे बड़ी चर्चा इसकी विशाल और दमदार स्टारकास्ट है। ऐसे दौर में जब मल्टीस्टारर या दो हीरो वाली फिल्में बनाना भी एक बड़ी चुनौती बन चुका है, क्योंकि इसमें एक्शन संयोजन, बजट और कलाकारों की तारीखों का तालमेल बिठाना मुश्किल होता है, वेलकम टू द जंगल ने अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी, अरशद वारसी, रवीना टंडन, लारा दत्ता, जैकलीन फर्नांडिस, दिशा पटानी, परेश रावल, जॉनी लीवर, राजपाल यादव, तुषार कपूर और श्रेयस तलपड़े सहित कई कलाकारों को एक साथ लाने का काम किया है। इतने बड़े कलाकारों की मौजूदगी फिल्म को हर आयु वर्ग के दर्शकों तक पहुंचाने की क्षमता देती है। बड़े दर्शकों को पुरानी यादों का एहसास मिलेगा, पारिवारिक दर्शकों को साफ-सुथरी कॉमेडी का आनंद मिलेगा और युवा दर्शकों को मीम्स, रील्स और इतने सारे लोकप्रिय चेहरों को एक साथ देखने का रोमांच मिलेगा।
वेटरन ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श का मानना है कि वेलकम टू द जंगल जैसी फिल्में आज के समय की जरूरत हैं। उन्होंने कहा, “70, 80 और 90 के दशक में बहुत सारी स्ट्रेसबस्टर फिल्में बनती थीं। लेकिन कहीं न कहीं हम उस रास्ते से भटक गए और हमने मेट्रो शहरों और विदेशी दर्शकों को ध्यान में रखकर फिल्में बनाना शुरू कर दिया। , “कोई अपनी सेहत को लेकर चिंतित होगा, कोई आर्थिक परेशानियों के बारे में सोच रहा होगा, तो कोई अपने करियर और कामकाज को लेकर परेशान होगा। ऐसे समय में स्ट्रेसबस्टर फिल्मों की जरूरत है, जहां दर्शक ढाई या तीन घंटे के लिए अपनी परेशानियां, मुश्किलें और चिंताएं भूल जाएं। यही वजह थी कि एक समय पर ऐसी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन करती थीं। लेकिन हमने धीरे-धीरे इस तरह की फिल्में बनाना कम कर दिया।
वेलकम फ्रेंचाइज़ी की अपनी एक जबरदस्त पहचान और यादगार विरासत रही है। उदय शेट्टी, मजनू भाई, घुंघरू और आरडीएक्स जैसे किरदारों से लेकर इसके मशहूर संवादों तक, वेलकम की दुनिया हमेशा रंगीन और मनोरंजक किरदारों से भरी रही है। अब वेलकम टू द जंगल के पास इस विरासत को आगे बढ़ाने का सुनहरा मौका है।
फिल्म में अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी, दिशा पटानी, जैकलीन फर्नांडिस, अरशद वारसी, जैकी श्रॉफ, परेश रावल, रवीना टंडन, लारा दत्ता, फरीदा जलाल, जॉनी लीवर, श्रेयस तलपड़े, तुषार कपूर, राजपाल यादव, कृष्णा अभिषेक, कीकू शारदा, दलेर मेहंदी, आफताब शिवदासानी, मुकेश तिवारी, यशपाल शर्मा, किरण कुमार, जाकिर हुसैन, विंदू दारा सिंह, उर्वशी रौतेला, हेमंत पांडे, बृजेंद्र काला, फिरोज खान (अर्जुन), स्वर्गीय पंकज धीर जी, पुनीत इस्सर, सुदेश बेरी, जीतू वर्मा, वृहि कोडवारा, आदित्य सिंह और भाग्य भानुशाली सहित कई कलाकार नजर आएंगे।
अहमद खान द्वारा निर्देशित वेलकम टू द जंगल को ए.ए. नाडियाडवाला, केप ऑफ गुड फिल्म्स और स्टार स्टूडियो18 द्वारा सीता फिल्म्स तथा राकेश डांग के सहयोग से प्रस्तुत किया जा रहा है। यह फिल्म बेस इंडस्ट्रीज ग्रुप प्रोडक्शन के बैनर तले राकेश डांग और वेदांत विकास बाली द्वारा निर्मित है। फिल्म के निर्माता फिरोज ए. नाडियाडवाला हैं।



