Health

भारत में दा विंची 5 रोबोटिक सर्जरी सिस्टम पेश

मिनिमली इनवेसिव केयर और रोबोटिक-असिस्टेड सर्जरी के क्षेत्र में काम करने वाली कंपनी इन्ट्यूटिव ने भारत में अपनी नई पीढ़ी का रोबोटिक-असिस्टेड सर्जिकल सिस्टम ‘दा विंची 5’ पेश किया है। कंपनी के अनुसार, यह प्लेटफॉर्म दा विंची एक्सआई सिस्टम के डिजाइन को आगे बढ़ाते हुए 150 से अधिक नए फीचर्स के साथ विकसित किया गया है।

दा विंची 5 में फोर्स फीडबैक तकनीक, उन्नत 3डी विजन सिस्टम, इंटीग्रेटेड वर्कफ्लो और कनेक्टेड लर्निंग जैसी सुविधाएं शामिल हैं। फोर्स फीडबैक तकनीक के माध्यम से सर्जन को सर्जरी के दौरान टिश्यू पर पड़ने वाले बल का बेहतर अनुभव मिल सकता है। वहीं, उन्नत विजन सिस्टम सर्जन को अधिक इमर्सिव 3डी दृश्य उपलब्ध कराता है।

कंपनी के मुताबिक, सिस्टम में नए सेंसर, सॉफ्टवेयर और उन्नत प्रोसेसर का इस्तेमाल किया गया है, जिससे सर्जिकल प्रक्रियाओं से संबंधित अधिक डेटा उपलब्ध हो सकेगा। इसका उद्देश्य सर्जनों को अपनी सर्जिकल परफॉर्मेंस को समझने और बेहतर करने में मदद करना है। इंटीग्रेटेड वर्कफ्लो और यूनिवर्सल यूजर इंटरफेस के जरिए केयर टीमों के लिए सिस्टम के संचालन को भी आसान बनाने का दावा किया गया है।

इन्ट्यूटिव इंडिया के वाइस प्रेसिडेंट एवं जनरल मैनेजर रोहित महाजन ने कहा कि दा विंची 5 की शुरुआत भारत में रोबोटिक-असिस्टेड सर्जरी के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। कंपनी के अनुसार, भारत में अब तक दा विंची सिस्टम की मदद से 2 लाख से अधिक सर्जिकल प्रक्रियाएं की जा चुकी हैं।

कंपनी ने बताया कि भारत में 2,000 से अधिक रोबोटिक-असिस्टेड प्रशिक्षित सर्जन हैं और प्रमुख निजी व सरकारी अस्पतालों में 275 से अधिक दा विंची सिस्टम लगाए जा चुके हैं। दा विंची 5 को यूरोलॉजी, गायनेकोलॉजी, जनरल सर्जरी, कार्डियक और थोरेसिक सर्जरी सहित विभिन्न सर्जिकल प्रक्रियाओं में इस्तेमाल की मंजूरी मिल चुकी है।

Related Articles

Back to top button