प्रशासन

पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में कटौती, आम जनता को बड़ी राहत — वीरेंद्र सचदेवा

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष श्री वीरेंद्र सचदेवा ने भारत सरकार द्वारा पेट्रोल एवं डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में की गई कटौती का हार्दिक स्वागत करते हुए इसे आम जनता को राहत देने वाला एक जन हितैषी निर्णय बताया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में वैश्विक स्तर पर ऊर्जा क्षेत्र में अस्थिरता, कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और आपूर्ति शृंखलाओं में बाधाओं के कारण दुनिया भर के देशों में महंगाई का दबाव देखा जा रहा है।

श्री सचदेवा ने कहा कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कमी का सीधा लाभ देश के करोड़ों लोगों को मिलेगा। इससे रोजमर्रा के खर्चों में कमी आएगी, खासकर उन परिवारों को राहत मिलेगी जिनकी आय सीमित है। उन्होंने बताया कि परिवहन लागत घटने से फल, सब्जी, अनाज, दूध एवं अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में भी नरमी आने की संभावना है, जिससे महंगाई पर नियंत्रण में मदद मिलेगी।

श्री सचदेवा ने कहा कि किसान, छोटे व्यापारी, ऑटो-रिक्शा चालक, टैक्सी चालक, ट्रक ऑपरेटर और लॉजिस्टिक्स क्षेत्र से जुड़े लाखों लोग इस निर्णय से विशेष रूप से लाभान्वित होंगे। ईंधन की लागत में कमी से उनकी आय में स्थिरता आएगी और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने हमेशा संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ निर्णय लिए हैं। चाहे कोविड काल हो या वैश्विक आर्थिक संकट, हर परिस्थिति में सरकार ने जनता को राहत देने के लिए ठोस कदम उठाए हैं। एक्साइज ड्यूटी में यह कटौती उसी निरंतर प्रयास का एक और प्रमाण है। उन्होंने यह भी कहा कि यह कदम न केवल तत्काल राहत प्रदान करेगा, बल्कि दीर्घकाल में आर्थिक गतिविधियों को गति देगा, जिससे देश की समग्र अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

Related Articles

Back to top button