आसियान-भारत स्टार्ट-अप महोत्सव 2024 के शुभारंभ पर नवाचार आकर्षण का केन्द्र रहे

आसियान-भारत स्टार्ट-अप महोत्सव 2024 का 28 नवंबर को बड़े उत्साह के साथ शुभारंभ हुआ, जिसमें भारत और आसियान देशों के गतिशील स्टार्टअप पारिस्थितिकी तंत्र को प्रदर्शित किया गया। विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग (DST) और उद्योग और आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (DPIIT) के सहयोग से आईआईटी कानपुर के स्टार्टअप इनक्यूबेशन एंड इनोवेशन सेंटर (SIIC) द्वारा आयोजित इस तीन दिवसीय महोत्सव में नवाचार, सहयोग और सतत विकास को बढ़ावा देने के लिए 100 स्टार्टअप, उद्योग जगत के लीडर, नीति निर्माता और नवप्रवर्तक एक साथ आए ।
उद्घाटन समारोह में सांस्कृतिक आदान-प्रदान और साझा आकांक्षाओं का जश्न मनाया गया, जिसने कार्यक्रम के लिए एक प्रेरणादायक माहौल तैयार किया। आईआईटी कानपुर के निदेशक प्रो. मणींद्र अग्रवाल ने उपस्थित लोगों का स्वागत करते हुए कहा, “आईआईटी कानपुर की तरफ से, हमें इस मंच की मेज़बानी करने का सौभाग्य मिला है, जो सीमाओं के पार दूरदर्शी दिमागों को एकजुट करता है, एक उद्यमशीलता की भावना को प्रज्वलित करता है जो टिकाऊ विकास और तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देता है।
आसियान के उप महासचिव महामहिम सतविंदर सिंह ने कहा, “यह महोत्सव समावेशिता और स्थिरता द्वारा परिभाषित भविष्य के लिए आसियान और भारत के साझा दृष्टिकोण का उदाहरण है। कार्यक्रम के पहले दिन बाजार विस्तार में सांस्कृतिक बुद्धिमत्ता की भूमिका और साइबर सुरक्षा में उभरते रुझान और तकनीकों पर गतिशील और व्यावहारिक पैनल चर्चाओं के साथ माहौल तैयार हुआ। इन चर्चाओं के पूरक के रूप में, इस दिन प्रभावशाली उद्योग वक्ता सत्र आयोजित किए गए, जिन्होंने कार्रवाई योग्य अंतर्दृष्टि प्रदान की और इन महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक संवाद को बढ़ावा दिया, जिससे प्रतिभागियों के बीच विचारों के आदान-प्रदान के लिए एक जीवंत मंच तैयार हुआ।
प्रोफेसर दीपू फिलिप, SIIC, आईआईटी कानपुर के प्रभारी- प्रोफेसर ने कहा, “आसियान-भारत स्टार्ट-अप फेस्टिवल सिर्फ एक आयोजन नहीं है। यह शानदार दिमाग, अभूतपूर्व विचारों और सीमाहीन सहयोग का संगम है। SIIC, आईआईटी कानपुर के तहत, हमें नवाचार और स्थिरता की ओर इस उल्लेखनीय यात्रा का नेतृत्व करने पर गर्व है।”
आसियान-भारत स्टार्ट-अप फेस्टिवल 2024 ने अभूतपूर्व सहयोग और नवाचार के लिए मंच तैयार किया है, जिसमें भारत और आसियान के कुछ सबसे प्रतिभाशाली लोग एक साथ आए हैं। अगले दो दिनों तक चलने वाले इस कार्यक्रम में नए अवसरों के द्वार खुलने, उद्यमशीलता की उत्कृष्टता को प्रेरित करने और साझा विकास और तकनीकी प्रगति का मार्ग प्रशस्त होगा ।



