Healthदिल्ली एनसीआर

भारत मंडपम में इंडिया हेल्थ 2025 का उद्घाटन, हेल्थकेयर क्षेत्र की नवाचार यात्रा को मिली नई रफ्तार

भारत मंडपम, नई दिल्ली में आज इंडिया हेल्थ एग्ज़िबिशन 2025 के दूसरे संस्करण की भव्य शुरुआत हुई। इनफॉर्मा मार्केट्स इन इंडिया द्वारा आयोजित यह तीन दिवसीय आयोजन 13 जुलाई तक चलेगा। यह कार्यक्रम देश में हेल्थकेयर और मेडिकल टेक्नोलॉजी (मेडटेक) सेक्टर की तेज़ी से बढ़ती ज़रूरतों और संभावनाओं को दर्शाता है।

अनुमान है कि वित्त वर्ष 2025–26 में इस क्षेत्र में नौकरियों में 15–20% की बढ़ोतरी होगी, जो इस बात का संकेत है कि तकनीक-आधारित हेल्थकेयर समाधानों की मांग लगातार बढ़ रही है और स्वास्थ्य सेवाओं में टेक्नोलॉजी का उपयोग तेज़ी से बढ़ रहा है।

उद्घाटन समारोह में कई प्रमुख हस्तियों की उपस्थिति रही। मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. जितेन्द्र शर्मा (प्रबंध निदेशक व संस्थापक सीईओ, AMTZ), डॉ. गिरधर ज्ञानी (महानिदेशक, एसोसिएशन ऑफ हेल्थकेयर प्रोवाइडर्स इंडिया), श्री राजीव नाथ (एमडी, हिंदुस्तान सिरिंज एंड मेडिकल डिवाइस लिमिटेड और फोरम कोऑर्डिनेटर, AIMED), सुश्री वीणा कोहली (सीईओ, वेंगार्ड डायग्नोस्टिक्स, पूर्व अध्यक्ष – ADMI), श्री हिमांशु बैद (एमडी, पॉली मेडिक्योर और वाइस प्रेसिडेंट, नै‍टहेल्‍थ), श्री योगेश मुद्रास (एमडी, इनफॉर्मा मार्केट्स इंडिया), श्री गोप मेनन (सीएफओ, इनफॉर्मा मार्केट्स IMEA) और श्री राहुल देशपांडे (सीनियर ग्रुप डायरेक्टर, इनफॉर्मा मार्केट्स इंडिया) जैसे गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।

विशाखापत्तनम स्थित आंध्र प्रदेश मेडटेक ज़ोन (AMTZ) में दुनिया की पहली समर्पित मेडिकल टेक्नोलॉजी यूनिवर्सिटी शुरू होने जा रही है। इसकी घोषणा एएमटीज़ेड के प्रबंध निदेशक, संस्थापक और सीईओ डॉ. जितेंद्र शर्मा ने की। यह नवाचार आधारित संस्था M.Tech, MBA और Ph.D. जैसे उच्च स्तरीय डिग्री कार्यक्रमों की पेशकश करेगी, जिसका उद्देश्य मेडिकल टेक्नोलॉजी क्षेत्र में कौशल विकास को एक नई दिशा देना है। इस ऐतिहासिक पहल को कई प्रमुख उद्योग नेताओं का समर्थन प्राप्त है, जिनमें शामिल हैं: श्री राजीव नाथ (मैनेजिंग डायरेक्टर, हिंदुस्तान सिरिंजेस एंड मेडिकल डिवाइसेज़ लिमिटेड व फोरम कोऑर्डिनेटर, AIMED), श्री सुरेश वज़ीरानी (फाउंडर चेयरमैन, एरबा ट्रांसएशिया) और डॉ. गिरधर ज्ञानी (महानिदेशक, एसोसिएशन ऑफ हेल्थकेयर प्रोवाइडर्स इंडिया – AHPI)। इंडिया हेल्थ 2025 का यह संस्करण स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र की संपूर्ण श्रृंखला को समेटे हुए है और इसमें 300 से अधिक अग्रणी ब्रांड एकत्र हुए हैं—जिनमें चिकित्सा उपकरण, डायग्नॉस्टिक्स, ऑर्थोपेडिक्स, स्वास्थ्य आईटी सिस्टम्स, बुनियादी ढांचा और वेलनेस सॉल्यूशंस शामिल हैं।

इस आयोजन में 8,000 से अधिक पेशेवरों के भाग लेने की उम्मीद है, जिनमें बायोमेडिकल इंजीनियर, रेडियोलॉजिस्ट, पैथोलॉजिस्ट, अस्पतालों के खरीद प्रमुख, क्लिनिशियन, अनुसंधान एवं विकास विशेषज्ञ तथा चिकित्सा प्रौद्योगिकी के नियामक शामिल हैं। इस बार प्रतिभागियों में 95% घरेलू और 5% अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधित्व है। अंतरराष्ट्रीय सहभागिता में इटली, यूएई और इथियोपिया जैसे देशों की भागीदारी विशेष उल्लेखनीय रही। स्टार्टअप इंडिया मिशन पर केंद्रित एक विशेष सेक्शन के तहत इस वर्ष एक समर्पित स्टार्टअप और मेडिकल लैबोरेटरी पेवेलियन प्रस्तुत किया गया है, जो नवाचारों को बढ़ावा देने के साथ-साथ उद्यमशील युवाओं को मंच प्रदान करता है।

मुख्य विषयों में शामिल थे: डिजिटल डायग्नॉस्टिक्स को बढ़ावा देने जैसी सरकारी पहलें, सरकार और डायग्नॉस्टिक्स सेक्टर के बीच बेहतर तालमेल, स्मार्ट टेक्नोलॉजी की मदद से पेपरलेस अस्पताल चलाना और बेहतर देखभाल देना, सरकारी ई-मार्केटप्लेस (GeM) के ज़रिए खरीद प्रक्रिया को पारदर्शी और सुलभ बनाना, भारत को मेडिकल डिवाइस के निर्यात केंद्र के रूप में विकसित करना और “जहां मानवीय संवेदना मिले अत्याधुनिक तकनीक से” — इस विचार पर आधारित चर्चा।सम्मेलन में भाग लेने वाले प्रमुख विशेषज्ञों में फोर्टिस, ट्रांसएशिया बायो-मेडिकल्स, बीपीएल मेडिकल टेक्नोलॉजीज़ प्रा. लि., जीई हेल्थकेयर, मेडिकवर हॉस्पिटल्स, डैन्हर कॉर्पोरेशन, एपेक्स हॉस्पिटल्स, बायोरएक्स वेंचर एडवाइजर्स, एमटीएआई और सर्वोदय हॉस्पिटल्स जैसी अग्रणी कंपनियों के विशेषज्ञ शामिल रहे।

Related Articles

Back to top button