कृष्णा वेलफेयर सोसाइटी ट्रस्ट द्वारा 125 महिलाओं को सम्मानित किया

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर कृष्णा वेलफेयर सोसाइटी ट्रस्ट द्वारा भारतीय विद्यापीठ के सभागार में “महिला शक्ति अवॉर्ड” समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस गरिमामयी कार्यक्रम में 125 महिलाओं को सम्मानित किया गया, जिन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, कानून, चिकित्सा और सामाजिक सेवा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
कार्यक्रम के दौरान एआरके स्टूडियो धर्मार्थ समर्पण के सहयोग से महिला सशक्तिकरण को समर्पित “पिंक पावर फैशन शो” का भी आयोजन किया गया। इस फैशन शो में विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित महिलाओं, मॉडल्स, एक्ट्रेस और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम की थीम “पिंक पावर” रखी गई, जो नारी शक्ति, आत्मविश्वास और सशक्तिकरण का प्रतीक है। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी कार्यक्रम को खास बना दिया। एतसा मिश्रा ने दुर्गा स्तुति पर अपनी मनमोहक प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया, वहीं रुतवी भाटी ने अपनी हरियाणवी प्रस्तुति से कार्यक्रम में जोश और उत्साह का रंग भर दिया। इसके साथ ही काशी ने अपनी प्रेरणादायक स्पीच के माध्यम से महिलाओं की शक्ति और महत्व को दर्शाया, जिससे उपस्थित बच्चों और युवाओं को भी काफी प्रेरणा मिली।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मांगेराम चौहान, नेशनल अकाली दल के अध्यक्ष परमजीत सिंह पम्मा सहित कई गणमान्य अतिथि और अधिकारीगण उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने महिलाओं के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें समाज की सशक्त प्रेरणा बताया। इस अवसर पर कृष्णा वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष श्री राजेश चौहान ने कहा कि “महिलाओं का सम्मान करना और उनके कार्यों की सराहना करना हर समाज का कर्तव्य है। आज महिलाएं शिक्षा, स्वास्थ्य, कानून, चिकित्सा और हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा से समाज को नई दिशा दे रही हैं। यह कार्यक्रम उन्हीं सशक्त महिलाओं को समर्पित है।”
कार्यक्रम की होस्टिंग नीलिमा ठाकुर और परवीन शर्मा द्वारा की गई, जिन्होंने पूरे कार्यक्रम को शानदार तरीके से संचालित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को प्रोत्साहित करना, उनकी उपलब्धियों को मंच देना और समाज में नारी शक्ति के महत्व को और अधिक सुदृढ़ करना था। पूरे कार्यक्रम में उत्साह, सम्मान और प्रेरणा का वातावरण देखने को मिला



