गौमाता के नाम पर केवल बातें नहीं, उनके संरक्षण के लिए ठोस व्यवस्था चाहिए : जय भगवान गोयल

दिनांक 17 नवंबर गोपाष्टमी के पावन अवसर पर गौशाला में गौमाता को पूजन करते हुए यूनाईटेड हिन्दू फ्रंट के अंतर्राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष व राष्ट्रवादी शिवसेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जय भगवान गोयल ने एक मार्मिक अपील करते हुए प्रधानमंत्री, गृहमंत्री, उपराज्यपाल दिल्ली व मुख्यमंत्री दिल्ली से मांग की है कि आज पूरा देश गोपाष्टमी के पावन अवसर पर जिस दिन भगवान श्री कृष्ण ने गौचारण प्रारंभ किया था उसी उपलक्ष्य में गोपाष्टमी का पवित्र त्यौहार गौवंश की पूजा करके बड़ी श्रृद्धा और प्रेम के साथ धूमधाम से मनाता आ रहा है, मगर दिल्ली में लगभग डेढ़ साल से भाजपा की, गौभक्तों की सरकार होने के बावजूद आज भी गौमाता गंदगी और पन्नी खाती दिल्ली की सड़कों पर झूंड के झूंड के रूप में घूम रही हैं। यह सब देखकर दिल्ली के लाखों गौभक्तों के दिलों में भारी पीड़ा हो रही है।
श्री गोयल ने कहा कि जहां एक ओर हाल ही में छठ पूजा पर दिल्ली व केन्द्र सरकार ने मिलकर बहुत अच्छे व व्यवस्थित इंतजाम किए, जिसके लिए दिल्ली व केन्द्र सरकार को हम धन्यवाद देते हैं। वहीं उत्तर प्रदेश के चुनाव की तैयारी बैठक में मथुरा से भाजपा ने यह संदेश देने का यूपी के लोगों को प्रयास किया है कि अब बारी बांके बिहारी। हम यही निवेदन करना चाहते हैं कि बांके बिहारी भगवान श्री कृष्ण की सबसे प्यारी और दुलारी गौमाता/गौवंश की भी सुरक्षा, स्वास्थ्य और चारे आदि की उचित व्यवस्था के लिए गौशालाओं को निर्माण करवाकर गौमाताओं का भी आशीर्वाद लिया जाये।



