उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने खेल पत्रकार अभिषेक त्रिपाठी को ‘डॉ. अखिलेश दास गुप्ता खेल सम्मान’ से नवाजा

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने खेल पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए वरिष्ठ खेल पत्रकार अभिषेक त्रिपाठी को प्रतिष्ठित ‘डॉ. अखिलेश दास गुप्ता खेल सम्मान’ से सम्मानित किया। यह सम्मान समारोह डॉ. अखिलेश दास गुप्ता ऑल इंडिया मीडिया क्रिकेट प्रतियोगिता के भव्य शुभारंभ के अवसर पर आयोजित किया गया।
राजधानी के डॉ. अखिलेश दास स्टेडियम में आयोजित इस कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ने अभिषेक त्रिपाठी के कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि हिंदी पत्रकारिता के माध्यम से खेलों को जन-जन तक पहुँचाने में अभिषेक त्रिपाठी की भूमिका सराहनीय रही है। उनके साथ ही शबी हुसैन को अंग्रेजी खेल पत्रकारिता के लिए सम्मानित किया गया।
उपमुख्यमंत्री प्रतियोगिता की ट्रॉफी का अनावरण करते हुए ब्रजेश पाठक ने कहा, “पत्रकारिता जैसे व्यस्त पेशे के बीच इस तरह के खेल आयोजनों में भाग लेना और बेहतरीन रिपोर्टिंग करना बड़ी बात है। यह लखनऊ के लिए गर्व का विषय है कि देशभर के दिग्गज पत्रकार आज यहाँ अपनी खेल प्रतिभा दिखाने के लिए जुटे हैं।” इस अवसर पर बीबीडी यूनिवर्सिटी की चांसलर अल्का दास, खेल निदेशक डॉ. आरपी सिंह, यूपी स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष अनंत मिश्रा, यूपी बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव डॉ. सुधर्मा सिंह और प्रवीण गर्ग सहित खेल जगत की कई हस्तियाँ मौजूद रहीं। यूपी स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट एसोसिएशन के तत्वावधान में शुरू हुई इस प्रतियोगिता में दिल्ली, उत्तराखंड, नेशनल इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और मेजबान उत्तर प्रदेश की टीमें हिस्सा ले रही हैं। टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 21 दिसंबर को खेला जाएगा। पहले दिन के मुकाबलों में दिल्ली का सामना उत्तर प्रदेश से और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की भिड़ंत उत्तराखंड प्रेस क्लब से होगी।



