दिल्ली एनसीआर

सदर बाज़ार में बरसात बनी मुसीबत, सीवर जाम और गंदा पानी से व्यापारी बेहाल

दिल्ली का सबसे व्यस्त वाणिज्यिक क्षेत्र सदर बाज़ार इन दिनों बरसाती पानी और सीवर जाम की समस्या से जूझ रहा है। लगातार हो रही बारिश और वर्षों से अनदेखी हो रही जल निकासी व्यवस्था ने यहां के व्यापारियों और राहगीरों की मुश्किलें कई गुना बढ़ा दी हैं। बाज़ार की संकरी गलियों में बारिश का पानी घंटों तक जमा रहता है, जिससे पैदल चलना मुश्किल हो जाता है। दुकानदारों का कहना है कि तेज बारिश के दौरान पानी दुकानों के अंदर तक घुस जाता है, जिससे माल को भारी नुकसान होता है। मटके वाली गली, प्रताप मार्केट, बारी मार्केट (गुब्बारे वाली गली), क्रॉकरी मार्केट और खुर्शीद मार्केट जैसे प्रमुख इलाकों में सीवर पूरी तरह से जाम हैं।

क्रॉकरी मार्केट के सामने बने नाले और सदर नाला रोड की हालत बेहद खराब है। गंदा पानी, कीचड़, लैट्रिन और पेशाब की बदबू से पूरा इलाका नारकीय स्थिति में है। दुकानदारों का कहना है कि यह समस्या केवल बारिश की वजह से नहीं, बल्कि सीवरों की बैक-मरने और समय पर सफाई न होने के कारण है।

फेडरेशन ऑफ सदर बाजार ट्रेड्स एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश कुमार यादव ने बताया, “हमारा कारोबार और साख दोनों समाप्ति के कगार पर हैं। नाले का पानी और गंदगी के कारण कई बार दुकानें तक नहीं खुल पातीं। बीमारी फैलने का खतरा बढ़ रहा है, और ग्राहकों का आना भी कम हो गया है।”कमल कुमार महासचिव FESTA, ओर दीपक मितल अध्यक्ष FESTA, आदि व्यापारियों ने यह भी बताया कि कई बार नगर निगम और संबंधित विभागों को शिकायत देने के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। यहां तक कि स्थानीय विधायक इमरान हुसैन को भी स्थिति से अवगत कराया जा चुका है। अब व्यापारी माननीय मुख्यमंत्री से गुहार लगा रहे हैं कि वे तुरंत हस्तक्षेप करें और सांसद एवं व्यापारिक नेता प्रवीण खंडेलवाल को इस दिशा में सख्त कार्रवाई के लिए निर्देशित करें, ताकि बरसात के मौसम में कारोबार ठप होने की बजाय राहत का माहौल बने।

Related Articles

Back to top button