सिंधी काउंसिल ऑफ इंडिया का जापान-कोरिया कॉन्क्लेव सफलतापूर्वक संपन्न, दिल्ली आगमन पर होगा भव्य सम्मान समारोह

सिंधी काउंसिल ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित जापान-कोरिया कॉन्क्लेव अपने अंतिम चरण में पहुंच गया है। 20 मई को इस गौरवपूर्ण यात्रा का समापन होगा जिसके बाद सभी सम्मानित सदस्य अपनी अमिट यादों को समेटकर वतन वापस लौटेंगे। यह पावन यात्रा जापान और कोरिया में भारतीय संस्कृति तथा सिंधी समाज की समृद्ध विरासत के प्रचार-प्रसार के मुख्य उद्देश्य में पूरी तरह सफल रही। इस दौरान यात्रा के सदस्यों ने जापान की संस्कृति को बेहद करीब से समझा और अपनी संस्कृति की अनूठी छाप वहां छोड़ी।
इस यात्रा के दौरान ट्रैवल एजेंसी (RTW) की घोर लापरवाही, लालच और वित्तीय धोखाधड़ी के कारण यात्रियों को गंभीर परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। काउंसिल ने यात्रियों की सुविधा को सर्वोपरि रखते हुए एजेंट को तय अनुबंध से अधिक का भुगतान भी किया, इसके बावजूद एजेंट की अनुचित मांगें बढ़ती गईंट्रेवल्स एजेंसी ने एग्रीमेंट का उल्लंघन करते हुए टैक्स लेने के बाद भी नहीं दिए वैध बिल इस पर सिंधी काउंसिल ऑफ इंडिया के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पूर्व निर्धारित अनुबंध के अनुसार ट्रैवल एजेंट को सभी सम्मानित सदस्यों के अलग-अलग बिल बनाकर देने थे। काउंसिल द्वारा सभी लागू टैक्स सहित पूरी राशि का भुगतान किया जा चुका है इसके बावजूद एजेंसी द्वारा सभी यात्रियों का टैक्स-पेड बिल मुहैया नहीं कराए जा रहे हैं जो कि वित्तीय नियमों और व्यावसायिक ईमानदारी का सीधा उल्लंघन है।
सिंधी काउंसिल ऑफ इंडिया के वरिष्ठ पदाधिकारी श्री अशोक लालवानी ने बताया RTW के मुख्य प्रतिनिधि विनोद और कविता का व्यवहार न केवल अशोभनीय था बल्कि वे ब्लैकमेल करने पर उतारू थे। वे नाजायज बिल बनाकर यात्रियों को बंधक बनाने तक की धमकी दे रहे थे। उन्होंने अतिथि देवो भव: की हमारी महान भारतीय परंपरा को वैश्विक स्तर पर शर्मसार किया है।
विपरीत और विषम परिस्थितियों में भी श्री अशोक लालवानी और उनकी टीम के अन्य कर्मठ साथियों ने अपनी सूझबूझ और धैर्य से स्थिति को संभाला और सम्मानित यात्रियों को सुरक्षित रखा। वित्तीय अनियमितताओं, एग्रीमेंट के उल्लंघन और मानसिक प्रताड़ना के इस गंभीर मामले का स्थायी समाधान निकालने के लिए, सभी यात्रियों की सहमति से उक्त ट्रैवल एजेंट (RTW) के खिलाफ सख्त कदम उठाए गए हैं। श्री अशोक लालवानी ने आश्वस्त किया है कि दोषी प्रतिनिधि विनोद और कविता के विरुद्ध सख्त कानूनी व दंडात्मक कार्यवाही शुरू कर दी गई है। यात्रा दल के दिल्ली आगमन पर एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस समारोह में उन सभी कर्मठ साथियों और सदस्यों को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा जिन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी अटूट निष्ठा और अथक प्रयासों से इस यात्रा को सुगम व सफल बनाने में अपना उल्लेखनीय योगदान दिया।



