Entertainment

पटियाला में गूंजी पंजाबी विरासत की आवाज़, ‘सुनखी पंजाबन सीज़न 8’ ऑडिशन में दिखा प्रतिभा, आत्मविश्वास और संस्कृति का अद्भुत संगम

पंजाबी संस्कृति, भाषा और परंपराओं को समर्पित प्रतिष्ठित मंच ‘सुनखी पंजाबन सीज़न 8’ के पंजाब ऑडिशन का भव्य आयोजन पटियाला स्थित अपना वेहड़ा स्कूल ऑफ लर्निंग आर्ट्स फाउंडेशन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में 60 से अधिक प्रतिभाशाली युवतियों ने भाग लेकर अपनी कला, आत्मविश्वास और सांस्कृतिक पहचान का शानदार प्रदर्शन किया। ऑडिशन के दौरान प्रतिभागियों ने गिद्धा, भांगड़ा, गायन, अभिनय और रचनात्मक परिचय के माध्यम से अपनी प्रतिभा प्रस्तुत की। प्रत्येक प्रस्तुति में पंजाब की समृद्ध लोक संस्कृति और विरासत की झलक स्पष्ट दिखाई दी। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल सौंदर्य प्रतियोगिता आयोजित करना नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को अपनी भाषा, संस्कृति और मूल्यों से जोड़ना भी है।

वर्ष 2019 से प्रारंभ हुआ सुनखी पंजाबन आज एक सांस्कृतिक अभियान का रूप ले चुका है, जो युवा महिलाओं को अपनी पहचान पर गर्व करने और पंजाबी संस्कृति को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित कर रहा है। इस अवसर पर प्रतिष्ठित निर्णायक मंडल में डॉ. संदीप कौर सिद्धू, ब्रार मालवा, ब्रार प्रिंस, रोज़ी बावा, अरश मांगट, रितु कौर एवं अमनदीप कौर धीर उपस्थित रहे। निर्णायकों ने प्रतिभागियों की प्रस्तुति, व्यक्तित्व, आत्मविश्वास और सांस्कृतिक समझ का सूक्ष्म मूल्यांकन किया।

आयोजकों ने कहा कि वास्तविक सुंदरता केवल बाहरी रूप में नहीं, बल्कि अपनी भाषा, संस्कृति और विरासत के प्रति सम्मान और जुड़ाव में निहित है। यही सोच सुनखी पंजाबन को अन्य प्रतियोगिताओं से अलग पहचान दिलाती है। पटियाला ऑडिशन से चयनित प्रतिभागी अब सुनखी पंजाबन सीज़न 8 के आगामी चरणों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी तथा पंजाब की सांस्कृतिक विरासत का प्रतिनिधित्व करते हुए प्रतिष्ठित खिताब के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगी।

Related Articles

Back to top button